Top News

मोटरसाइकिल एवं ट्रैक्टर चोरी गिरोह का पर्दाफाश, 10 बाइक और ट्रैक्टर बरामद पटना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मास्टरमाइंड सहित कई आरोपी गिरफ्तार

मोटरसाइकिल एवं ट्रैक्टर चोरी गिरोह का पर्दाफाश, 10 बाइक और ट्रैक्टर बरामद पटना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मास्टरमाइंड सहित कई आरोपी गिरफ्तार


प्रिंसु पांडेय 

पटना/कोरिया, 05 जून 2026। जिला कोरिया के थाना पटना पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से सक्रिय एक अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई 10 मोटरसाइकिलें एवं एक महिंद्रा ट्रैक्टर बरामद किया है। इस कार्रवाई को जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।



जानकारी के अनुसार थाना पटना में दर्ज विभिन्न वाहन चोरी के मामलों की विवेचना के दौरान पुलिस को लगातार चोरी की घटनाओं की सूचनाएं प्राप्त हो रही थीं। अपराध क्रमांक 149/2026, 153/2026, 157/2026, 158/2026 एवं 159/2026 सहित अन्य प्रकरणों की जांच को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक कोरिया के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया।


विवेचना एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध आरोपी सूर्यकांत राजवाड़े को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में वाहन चोरी के संगठित नेटवर्क का खुलासा हुआ। आरोपी ने बताया कि वह मास्टर चाबी का उपयोग कर विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिलों की चोरी करता था। चोरी के बाद वाहनों के नंबर प्लेट, बैटरी, पैनल एवं अन्य पहचान योग्य हिस्सों को बदलकर या हटाकर उन्हें ग्रामीण क्षेत्रों में कम कीमत पर बेच दिया जाता था। कई वाहन किराये पर चलाने के लिए भी दिए जाते थे।


पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सूर्यकांत राजवाड़े एवं उसके सहयोगियों पवन प्रजापति, गिरजा सूर्यवंशी और जमील अंसारी के कब्जे से चोरी की गई 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों में एचएफ डीलक्स, होंडा शाइन, प्लैटिना, राइडर, यामाहा आर-15 सहित विभिन्न कंपनियों की मोटरसाइकिलें शामिल हैं।


जांच के दौरान एक और महत्वपूर्ण खुलासा हुआ। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी सूर्यकांत राजवाड़े ने 28 मार्च 2026 की रात ग्राम कुचला निवासी तरुण कुमार सोलंकी के घर से लगभग 7.50 लाख रुपये मूल्य का महिंद्रा ट्रैक्टर चोरी किया था। चोरी के बाद ट्रैक्टर को आरोपी ने अपने रिश्तेदार ईश्वर प्रसाद के यहां ग्राम बरौल, जिला सूरजपुर में छिपाकर रखा था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रैक्टर को भी बरामद कर लिया।


पुलिस द्वारा बरामद किए गए वाहन थाना पटना क्षेत्र के अलावा सूरजपुर जिले के देवनगर, भुवनेश्वरपुर, बरौल तथा अंबिकापुर के जोड़ा पीपल क्षेत्र सहित विभिन्न स्थानों से बरामद किए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि गिरोह द्वारा चोरी किए गए अन्य वाहन भी विभिन्न क्षेत्रों में छिपाकर रखे गए हैं, जिनकी तलाश जारी है।


पूछताछ के दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि गिरोह के संचालन में दो विधि-विरुद्ध बालकों (नाबालिगों) का उपयोग किया जाता था। पुलिस द्वारा किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


इस उल्लेखनीय कार्रवाई में पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा, पुलिस अधीक्षक कोरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश शाह चौबे एवं एसडीओपी राजेश साहू के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रमोद पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में सहायक उप निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह, प्रधान आरक्षक सत्येन्द्र तिवारी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक डिकेश्वर, साइबर आरक्षक राघवेन्द्र पुरी, आरक्षक अमृत सरगुजा, आनंद, अजीत राजवाड़े, गुलशन, प्रदीप, संदीप, मनोज राजवाड़े, संजय सिंह तथा महिला आरक्षक कृष्ण कांति कुशवाहा सहित अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।


पुलिस अधीक्षक कोरिया ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, चोरी अथवा अपराध संबंधी सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा अपराधियों को किसी प्रकार का संरक्षण न प्रदान करें। पुलिस द्वारा जिले में अपराध नियंत्रण एवं संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।


पटना पुलिस की इस सफलता से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी तथा आम लोगों का पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है। वहीं चोरी हुए वाहन वापस मिलने से प्रभावित वाहन स्वामियों में भी संतोष का माहौल है।

और नया पुराने