Top News

धान खरीदी, रकबा कटौती व हमाली वसूली के विरोध में भड़के किसान, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

धान खरीदी, रकबा कटौती व हमाली वसूली के विरोध में भड़के किसान, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन 

बैकुंठपुर - कोरिया।

धान खरीदी केंद्रों में व्याप्त अव्यवस्थाओं, रकबा कटौती और हमाली के नाम पर की जा रही अवैध वसूली के विरोध में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने कलेक्टर कोरिया को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की जिला इकाई कोरिया के अध्यक्ष के नेतृत्व में किसान हितों को ध्यान में रखते हुए सौंपा गया।



जिला अध्यक्ष ने बताया कि धान खरीदी केंद्रों में किसानों को हो रही समस्याओं को लेकर पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं द्वारा समय-समय पर संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं होने के कारण किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इसी क्रम में हजारों किसान रैली निकालकर कलेक्टर कार्यालय की ओर रवाना हुए, किंतु पुलिस प्रशासन की सतर्क व्यवस्था के चलते बैकुंठपुर नाका में बैरिकेडिंग कर किसानों को रोक दिया गया।


ज्ञापन में धान खरीदी की समय-सीमा बढ़ाने, किसानों के कटे हुए रकबे को पुनः जोड़ने तथा रकबा बढ़ाने की मांग प्रमुख रूप से की गई है। किसानों का आरोप है कि धान खरीदी केंद्रों में निर्धारित मापदंड से 500 से 600 ग्राम तक अतिरिक्त धान लिया जा रहा है। साथ ही हमाली के नाम पर किसानों से अवैध रूप से राशि वसूली जा रही है, जिस पर तत्काल रोक लगाते हुए वसूली गई राशि किसानों को वापस दिलाने की मांग की गई है।


इसके अलावा किसानों ने बैंकिंग सुविधाओं की कमी को देखते हुए सहकारी बैंक पटना एवं बचरा पौड़ी में खोले जाने की मांग भी रखी। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि जिला प्रशासन द्वारा ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर फौती नामांतरण सहित अन्य राजस्व संबंधी समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाए तथा धान खरीदी केंद्रों की शिकायतों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।


किसानों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 15 दिवस के भीतर उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के बैनर तले अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

और नया पुराने