ग्राम पंचायत गंगौटी में तालाब गहरीकरण कार्य का विधिवत भूमिपूजन
भैयाथान | जनपद पंचायत भैयाथान अंतर्गत ग्राम पंचायत गंगौटी में जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तालाब गहरीकरण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में बीडीसी, सरपंच, उपसरपंच, पंचगण सहित ग्राम के वरिष्ठजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
भूमिपूजन के साथ ही जैसे ही कार्य प्रारंभ हुआ, ग्रामीणों एवं मजदूरों के चेहरे पर खुशी की लहर देखने को मिली। तालाब गहरीकरण कार्य से जहां एक ओर जल संरक्षण को मजबूती मिलेगी, वहीं दूसरी ओर स्थानीय ग्रामीणों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि तालाब गहरीकरण से भविष्य में ग्रामवासियों को पर्याप्त जल सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे कृषि कार्यों के साथ-साथ पेयजल समस्या से भी राहत मिलेगी। यह कार्य ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल है।
ग्रामीणों ने जनपद पंचायत एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे विकास कार्यों से गांव की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलती है।
