150 क्विंटल धान बेचकर प्रफुल्लित हुए किसान हीरालाल बोले-मिलेगी आर्थिक संबल, खेत-खलिहान में होगा नया निवेश


150 क्विंटल धान बेचकर प्रफुल्लित हुए किसान हीरालाल बोले-मिलेगी आर्थिक संबल, खेत-खलिहान में होगा नया निवेश

कोरिया 17 नवम्बर 2025/
 खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन का महापर्व प्रदेशभर में गति पकड़ चुका है। 15 नवम्बर को पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने सहकारी समिति, पटना में विधिवत पूजा-अर्चना कर धान खरीदी का श्रीगणेश किया था। इसके बाद से कोरिया जिले के कृषि मंडल में एक बार फिर चहल-पहल बढ़ गई है। किसान अपने खेतों से ताज़ा मिंजाई किया हुआ धान लेकर बैलगाड़ी, ट्रैक्टर, पिकअप और अन्य साधनों के माध्यम से समितियों की ओर अग्रसर हो रहे हैं।

इसी क्रम में ग्राम सकारिया के परिश्रमी कृषक श्री हीरालाल आज साख सहकारी समिति, पोड़ी में पहुंचे और 150 क्विंटल धान का विक्रय कर समर्थन मूल्य का लाभ प्राप्त किया। धान तौल पूर्ण होने के बाद उनके चेहरे पर संतोष और आत्मविश्वास झलक रहा था।

किसान हीरालाल ने बताया कि धान विक्रय से प्राप्त रकम उनके घरेलू आवश्यकताओं, खेत सुधार कार्य, बीज एवं खाद खरीदने तथा अन्य कृषि गतिविधियों में सार्थक उपयोग होगी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी का निर्णय किसानों के जीवन में स्थायित्व और सकारात्मक बदलाव लाने वाला कदम है।

उन्होंने इसे किसानों के हित में एक सशक्त और दूरदर्शी नीति बताते हुए शासन को धन्यवाद ज्ञापित किया। धान खरीदी केंद्रों में किसानों की बढ़ती आमद और सुचारू व्यवस्था ने खरीफ सीजन में उत्साह का नया माहौल पैदा कर दिया है।


और नया पुराने